ज्यौड़ियां। खौड़ की वार्ड-छह में स्थित सिंचाई विभाग के नाले की किसानों ने सफाई कराने की मांग की है। किसानों के अनुसार इस नाले पर गांव पाडली तथा खौड़ के किसानों की लगभग 20 एकड़ जमीन निर्भर है। इसकी इस नाले से सिंचाई की जाती है, लेकिन इस बार अभी तक नाले की सफाई नहीं की गई है।
पार्षद दीपक सिंह भाऊ ने बताया कि नाले की सफाई नहीं होने से नाले ने जंगल का रूप धारण कर लिया है। बिना सफाई किए नाले में पानी बहना बहुत ही मुश्किल है। खास बात यह है कि यह नाला सिंचाई विभाग के कार्यालय के बीच से गुजरता है। नाले की सफाई करने के लिए सिंचाई विभाग की अभी तक नजर ही नहीं गई। किसानों ने बताया कि धान लगाने का समय आ गया है, लेकिन नाले की सफाई नहीं होने से हम खेतों की सिंचाई कैसे करेंगे। हमारे लिए चिंता का विषय है।