सेना ने आपरेशन सद्भावना के तहत सरकारी स्कूल की इमारत की रंगाई- पुताई की
ज्यौड़ियां। वर्ष 1998 में राज्य में सेना की तरफ से आम लोगों, विशेषकर अग्रिम सीमा इलाकों एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की सहायता के लिए आरंभ किए गए सद्भावना अभियान को आगे बढ़ाते हुए सेना के कोर इंजीनियर स्वतंत्र अभियंता दल ने विभिन्न स्कूलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के पूरा होने के बाद दल ने राजकीय कन्या मिडिल स्कूल मुट्ठी मैरा के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया।
इस सिलसिले में सैन्य अधिकारियों ने ग्राम प्रधान प्रिया शर्मा एवं विद्यालय की प्रधान अध्यापिका चंचल रानी से संपर्क कर विद्यालय में विभिन्न कार्यों को पूरा किया। इनमें भवन की रंगाई-पुताई, विद्युतीकरण, परिसर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण, खिड़कियों दरवाजों समेत स्कूल के संपूर्ण फ्री फर्नीचर की मरम्मत एवं स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना शामिल है। सेना की तरफ से छात्रों के लिए किए गए इस कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।