संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू । जम्मू विश्वविद्यालय के राजेंद्र सिंह सभागार में सोमवार को मानसिक स्वास्थ्य और भलाई समग्र स्वास्थ्य का एक अभिन्न अंग विषय पर सेमिनार हुआ। यूनिसेफ के सदस्य हिलाल भट्ट छात्रों के साथ रूबरू हुए। उन्होंने कहा- अगर दिमाग संबंधित कोई समस्या आती है तो खुलकर बात करें, जैसे आप सर्दी, खांसी, बुखार के बारे में बताते हो। प्रोफेसर सतनाम कौर ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों की धारणा को बदलना है। डॉक्टरों ने बताया कि कोरोना काल में लोगों की मेंटल हेल्थ पर नकारात्मक असर हुआ है। अभी भी लोग उभर नहीं पा रहें, इसलिए किसी भी समस्या पर आपस में बात जरूर करनी चाहिए। यहां डॉ. राकेश शर्मा, अपार्जिता सलाथिया, प्रोफेसर सरूप कोहली व स्टाफ मौजूद रहा।
छह महीने में बनेगा मेंटल हेल्थ सेंटर
सेमिनार के दौरान वीसी उमेश राय ने ऐलान किया कि जम्मू वीवी में जल्द मेंटल हेल्थ सेंटर बनाया जाएगा ताकि छात्रों की मानसिक समस्या दूर की जा सके। इसके लिए जिम्मेदारी मनोविज्ञान की एचओडी प्रोफेसर सतनाम कौर रैना को सौंपी गई है। केंद्र बनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों और छात्रों के बीच जागरूकता फैलाना है। योग सेंटर, जिम आदि की सुविधा पहले से दी गई है। प्रोफेसर रैना का कहना है कि जल्द विभाग काम शुरू कर देगा। लगभग 6 महीने में सेंटर छात्र-छात्राओं की सौंपा जाएगा।