जम्मू। जिले में 19-20 अक्तूबर को ‘मेरा शहर, मेरी शान’ कार्यक्रम में लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष स्टाल लगाए जाएंगे। जन शिकायतों का मौके पर निवारण को प्रभावी बनाया जाएगा। जम्मू नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए परेड ग्राउंड जम्मू में सोमवार से दो दिवसीय नागरिक सेवा मेला आयोजित किया जा रहा है। यह सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। जिला उपायुक्त जम्मू सुषमा चौहान ने शनिवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
नागरिक सेवा मेले में डोमिसाइल प्रमाणपत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, सवनिधि योजना, आधार, जात प्रमाणपत्र, शिकायत, वृद्धा/पेंशन योजना, इंटिग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट सर्विस, हैंडलूम/हैंडीक्राफ्ट के लिए स्टाल स्थापित होंगे। इसके अलावा पीएमएवाई-यू के तहत लाभार्थियों को चेक वितरण, विभिन्न योजनाओं के तहत प्रमाणपत्र, खाता खोलने, बीमा योजना, आवेदन भरने की प्रक्रिया होगी। प्रधानमंत्री योजना के तहत पंजीकृत स्ट्रीट वेंडरों को ऋण वितरण किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न विभागों के एक-एक स्टाल लगेंगे। ऐसी गतिविधियों के लिए निगम क्षेत्र से बाहर अन्य नगरपालिका समितियां अपने संबंधित स्थानों की पहचान करेंगी। उन्होंने कहा संबंधित विभाग पंजीकृत मजदूरों को अधिवास प्रमाणपत्र, श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री श्रम योजना कार्ड जारी करेंगे। इसके अलावा सामाजिक कल्याण योजनाओं, छात्रवृत्ति व अन्य योजनाओं के लिए पंजीकरण होगा। अधिकारियों के साथ विजिटिंग अधिकारी विभिन्न विभागों द्वारा उठाए गए कार्यों का निरीक्षण करेंगे। अभियान में दूसरे दिन युवाओं को खेल किट वितरण करने के साथ खेल गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। बैठक में जेएमसी आयुक्त अवनी लवासा, सहायक श्रम आयुक्त दिव्य नंदा आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के लिए शहर को चार जोन में बांटा
पार्षदों से संवाद करेंगे अधिकारी, विकास कार्यो की फीडबैक लेने के साथ समस्याएं सुनेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ‘मेरा शहर मेरी शान’ कार्यक्रम के लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। टाउन हाल, पीडब्ल्यूडी, कन्वेंशन हाल में भी कार्यक्रम होंगे। यहां पार्षदों को बुलाया जाएगा और सबसे पहले संवाद कार्यक्रम होगा। इसमें अभी तक हो चुके कार्यक्रमों का फीडबैक पार्षदों से लिया जाएगा और उनकी दिक्कतें सुनी जाएंगी।
वहीं, लोगों की समस्याओं के निदान के लिए भी ओपन इवेंट होंगे। यहां लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और अधिकारियों से हल करवाया जाएगा। शहर में पहली बार इस तरह का कार्यक्रम हो रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नगर निगम के अधिकारी भी जुट गए हैं। इस संबंध में बैठकें भी हो रही हैं और आगामी कार्य योजना तैयार की गई है।