जम्मू यूनिवर्सिटी स्नातक पार्ट वन की सेमेस्टर परीक्षाएं राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद होंगी। कालेजों में मतगणना एवं मतदान प्रक्रिया के होने के साथ-साथ राजकीय डिग्री कालेजों की इमारतें विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अति व्यस्त रहने वाली हैं लिहाजा स्नातक प्रथम वर्ष सेमेस्टर सिस्टम से होने वाले इम्तिहान अब चुनाव बाद होंगे।
इसके बारे में जम्मू यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक प्रो. केशव शर्मा के साथ हुई डिग्री कालेजों के प्रिंसिपलों के साथ बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। गौरतलब है कि इसी शिक्षा सत्र में जम्मू यूनिवर्सिटी की ओर से स्नातक प्रथम वर्ष से ही सेमेस्टर सिस्टम को लागू किया गया है।
जम्मू यूनिवर्सिटी से संबद्ध डिग्री कालेजों में पढ़ने वाले बच्चे दिसंबर में होने वाली परीक्षा की दृष्टि से तैयारी में जुटे हुए हैं, ताकि वे बेहतर अंक हासिल करने में कामयाब हो सकें। इस संबंध में परीक्षा कंट्रोलर प्रो. केशव शर्मा का कहना है कि स्नातक सेमेस्टर सिस्टम की परीक्षाएं चुनाव बाद होंगी, जिसकी तिथि चुनाव होते ही घोषित होगी।