भीषण बाढ़ ने शेर-ए-कश्मीर कृषि और तकनीकी विश्वविद्यालय जम्मू (स्कास्ट) को भारी बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। पच्चीस करोड़ का नुकसान यहां हुआ है। कैंपस के अंदर स्थापित टेलीफोन एक्सचेंज एवं उपकरण को भी बाढ़ से क्षति पहुंची है जबकि इंटरनेट सिस्टम अभी ठप पड़ा हुआ है।
हालांकि कैंपस के अंदर दो मौजूद कैंटीनों में से अब तक एक ही बहाल हो सकी है। अन्नपूर्णा कैंटीन के बहाल होने का इंतजार हो रहा है। प्रशासनिक स्तर पर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की गई तथा हाल ही में कैंपस के दौरे पर आए केंद्रीय कृषि मंत्रालय के कृषि विभाग के अनुसंधान तथा शिक्षा के सचिव को पूरी जानकारी दी गई तथा उन्हें रिपोर्ट की फाइल सौंपी गई।
बाढ़ से लाइब्रेरी में सोलर पावर सिस्टम नष्ट हो गया है, जिससे लाइब्रेरी में जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर में स्थित डीन एवं रजिस्ट्रार आफिस के रिकार्ड भी खराब हो चुके हैं।