श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान लखनपुर से लेकर श्रीनगर तक के हाईवे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। राज्य पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इसके लिए रणनीति तैयार कर रही है। इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है कि किस तरह के कदम उठाए जाए कि यात्रियों और यात्रियों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा बलों को आतंकी हमलों से बचाया जा सके।
सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियों ने लखनपुर से लेकर श्रीनगर तक के हाईवे को लेकर खास रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। ऐसे लोकेशन की सूची तैयार की जा रही है, जहां से आतंकी हमला या फिर कोई अन्य गतिविधियां होने की आशंका है। इन लोकेशन पर क्या कुछ होना चाहिए, इसके लिए गहरा मंथन किया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो हाईवे पर सुरक्षा कर्मियों की बड़े पैमाने पर यात्रा के दौरान तैनाती करने की तैयारी की जा रही है। दरअसल, पिछले कुछ समय से हाईवे पर आतंकी हमले होते आ रहे हैं। सिर्फ जम्मू संभाग में ही आधा दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं।