दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में एसओजी कैंप से 150 मीटर दूर गगरान इलाके में वीरवार रात नकाबपोश आतंकियों ने हमला कर तीन गैर कश्मीरी मजदूरों को गोली मारकर घायल कर दिया था। तीनों का हायर सेंटर में इलाज चल रहा है। पूरी घाटी में अलर्ट कर दिया गया है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शोपियां में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मजदूरों को निशाना बनाने वाले ऐसे बर्बर कृत्य आतंकवादियों और उनके समर्थकों की हताशा और कायरता को उजागर करते हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों और उनके परिवार के सदस्यों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एलजी ने कहा कि अपराधियों को कठोर सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ा जाएगा। हमले की विभिन्न राजनीतिक संगठनों ने भी निंदा की है।