सांबा। पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू हो गई है। इसको लेकर सुरक्षा बल एवं पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। सुरक्षा बल एवं पुलिस ने आज भी सीमावर्ती गांवों में तलाशी अभियान चलाकर घुसपैठ के पुराने मार्गों को पूरी तरह से खंगाला गया।
बुधवार को चचवाल, चलेआरी, मंगुचक एवं सारथी आदि गांवों में तलाशी अभियान चलाया गया व नदी नालों को पूरी तरह से खंगाला गया। वहीं ड्रोन के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पवित्र अमरनाथ यात्रा को राष्ट्र विरोधी प्रभावित न करें। इसके लिए पुलिस व सुरक्षा बल सतर्क है। किसी भी चुनौती से निपटने के लिए वह हर समय तैयार है। रक्षा सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की ओर से पवित्र अमरनाथ यात्रा को प्रभावित करने के इनपुट मिलने से सुरक्षा का घेरा बनाया गया है। इसमें पहली पंक्ति में बीएसएफ, सीआईएसएफ, पुलिस व सेना ने अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा उठाया हुआ है। सांबा जिले में अतिरिक्त जवानों को सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात किया गया है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार अमरनाथ यात्री बड़े आराम से आएं, जम्मू-कश्मीर में उन्हें किसी प्रकार का भय नहीं मिलेगा।