आरएस पुरा। उपजिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कडे़ प्रबंध किए जाने के साथ संवेदनशील क्षेत्र में और सीमा पर कड़ी नजर रखी जा रही है। विशेष कर अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ सटे स्थानों पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
सीमावर्ती क्षेत्र की ओर से कस्बे की ओर आने जाने वाले वाहनों की पुलिस की ओर लगाए नाकों पर गहन जांच की जा रही है। रात के समय पुलिस के साथ ग्रामीण सुरक्षा समितियों के लोग गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों को रात के समय घरों में रहने व किसी बाहरी व्यक्ति के देखे जाने पर स्थानीय पुलिस पोस्ट या सीमा सुरक्षा बलों को जानकारी देने के लिए कहा गया है। कस्बे व भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों व अधिकारियों द्वारा पाकिस्तान क्षेत्र में चल रही गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।