सुरक्षा समीक्षा करतीं महबूबा मुफ्ती
- फोटो : Amar Ujala
घाटी में सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने हर हाल में नीट परीक्षा आयोजित करने की हिदायत दी। महबूबा ने कहा 24 जुलाई को प्रस्तावित नेशनल इलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) परीक्षा के लिए दो संस्थानों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
यदि इन संस्थानों में स्टाफ पर्याप्त नहीं होता है तो वैकल्पिक स्टाफ की व्यवस्था करें, लेकिन किसी भी सूरत में परीक्षा पर असर नहीं पड़ने दिया जाए। महबूबा ने घाटी में हिंसा के दौरान प्रभावित हो रहे जरूरतमंद तबके के लोगों को जरूरी मदद देने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा अंत्योदया अन्न योजना (एएवाई) के लाभार्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इन परिवारों को नि:शुल्क राशन सप्लाई करने की व्यवस्था की जाए।
महबूबा ने कहा कि मोहल्ला समितियों के माध्यम से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। इससे पूर्व मुख्य सचिव ने कहा कि स्टाफ उपलब्ध नहीं होने की वजह से नीट परीक्षा केंद्रों को शीतकालीन राजधानी जम्मू में शिफ्ट किया जा सकता है। परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने नीट परीक्षा आवेदकों के लिए विशेष सुविधा केंद्र खोले हैं।