श्री अमरनाथ यात्रा से पहले कश्मीर में आतंकी हमलों से सुरक्षा एजेंसियां चिंतित हैं। हालांकि, यात्रा की सुरक्षा को अचूक योजना बनाई गई है। राज्य पुलिस का दावा है कि किसी भी हाल में यात्रा में खलल नहीं डाली जा सकती, लेकिन जम्मू में ट्रेनों पर आतंकी हमलों की आशंका के बीच घाटी की रेलवे सुरक्षा भी चुनौती बन गई है।
इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। यात्रा के शुरू होने से पहले घाटी की रेल सेवा की सुरक्षा को पुख्ता किया जा रहा है। कश्मीर संभाग के आईजीपी पुलिस जेएम जिलानी ने अमर उजाला को बताया कि घाटी में रेलवे के अति संवेदनशील स्टेशनों और इलाकों में जवानों की अतिरिक्त तैनाती शुरू कर दी गई है।
ताकि किसी भी तरह के हमले से रेल सेवा प्रभावित न हो। हालांकि, रेलवे पर किसी भी तरह के आतंकी हमले की धमकी से इंकार किया। उन्होंने कहा कि घाटी में यूं तो रेलवे हमेशा ही आतंकियों के निशाने रहती है, लेकिन पूरा रेल नेटवर्क कड़े सुरक्षा ढांचे में है, यहां आतंकी कुछ नहीं कर सकते।
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को देखते हुए किसी प्रकार की रिस्क नहीं लिया जाएगा। रेलवे के अलावा अन्य सुरक्षा को भी कड़ा किया गया है।