अनंतनाग। दक्षिणी कश्मीर के हाईवे पर सेब से भरे ट्रकों की लंबी कतार लगी है। करीब 2500 से अधिक ट्रक सड़क पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। पिछले दिनों हुई आतंकी वारदात से ट्रक चालकों में काफी खौफ है। मांग है कि जल्द से जल्द उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए, ताकि वह अपने मुकाम पर सुरक्षित पहुंच सकें। उनके अनुसार वह करीब पांच दिन से फंसे हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार ट्रक काफी संख्या में हैं, उनके छोड़ने का समय बहुत कम है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दक्षिणी कश्मीर में वनपोह से काजीगुंड तक करीब 17 किलोमीटर हाईवे पर ट्रकों की कतार लगी है। यह ट्रक अधिकतर सेब से भरे हैं। त्योहारों के चलते सेब की मांग इन दिनों अधिक है, लेकिन इस सब में एक बड़ी दिक्कत ट्रक चालकों को झेलनी पड़ रही है। वह करीब पांच दिन से जवाहर टनल नहीं पार कर पा रहे हैं। ऐसे में ट्रक चालक सड़क किनारे खाना पकाते और बैठे नजर आ रहे हैं।
-----
हम करीब पांच दिन से यहां फंसे हैं। चींटी की चाल से आगे बढ़ रहे हैं। खाने पीने का सामान भी खत्म होने लगा है। प्रशासन को हमारे बारे में सोचना चाहिए क्योंकि हम और हमारे परिवार वाले सभी परेशान हैं।
-बलविंदर सिंह, ट्रक चालक, पंजाब
-----
शोपियां में जो घटनाएं घटीं उससे हम काफी खौफजदा हैं। रात में सो भी नहीं पाते, डर रहता है कि कोई ऐसी घटना न घटे जैसी वहां हो चुकी है। अधिकतर ड्राईवरों के पास प्रीपेड सिम हैं, जिसके चलते घर वालों से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। हम सीजन में कमाई करने आते हैं और जो घटनाएं हो रही हैं उससे काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
-भूषण सिंह, ट्रक चालक
----
हाईवे पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा है, एक तो दो दिन ट्रैफिक नहीं गया और साथ ही बनिहाल के करीब लैंड स्लाइडिंग हुई, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सेब का सीजन होने के चलते ट्रकों की संख्या काफी है और साथ ही एक तरफा ट्रैफिक शेड्यूल भी है। यही कारण है ट्रकों को छोड़ने का समय बहुत कम मिल रहा है, जिसके चलते हम ज्यादा ट्रक क्लियर नहीं कर पा रहे हैं। शुक्रवार रात तक करीब 3200 ट्रक क्लियर किए गए जबकि शनिवार शाम तक अभी फिलहाल 1500 ट्रक क्लियर किए जा चुके हैं। यह सिलसिला जारी है और उम्मीद है कि सभी ट्रकों को जल्द से जल्द क्लियर किया जाएगा।
खालिद जहांगीर, उपायुक्त, अनंतनाग