श्रीनगर में 22 से 14 मई तक होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के लिए सुरक्षा ग्रिड को मजबूत किया जा रहा है। आतंकियों और पड़ोसी पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए जल और जमीन सहित आसमान से भी नजर रखी जा रही है।
विश्व प्रसिद्ध डल झील में लगातार दूसरे दिन वीरवार को भी मार्कोस कमांडो मोटर बोट के जरिये निगरानी करते नजर आए। सूत्रों के अनुसार झील में स्थापित हॉउसबोट्स में भी कमांडो द्वारा एरिया डोनिनेशन और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया।
इसमें हाउसबोट मालिकों से पूछताछ की गई। जम्मू-कश्मीर के सीआरपीएफ के एडीजी नलिन प्रभात ने भी वीरवार शाम को लाल चौक क्षेत्र का दौरा कर जी20 के मद्देनजर सुरक्षा ग्रिड का जायजा लिया।
जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर वीरवार को श्रीनगर के कुछ स्कूलों में 24 मई तक छुट्टियां घोषित कर दी गई है। इस बीच अफवाह सामने आई कि सम्मेलन के दौरान लाल चौक समेत अन्य आसपास के कुछ इलाकों को सील कर दिया जाएगा और दुकानों को भी खुलने की अनुमति नहीं होगी।
इसे लेकर पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि सब कुछ सामान्य रहेगा। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था टाइट रहेगी, लेकिन सील जैसी कोई बात नहीं होगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।