स्थानीय लोगों से संदिग्ध दिखाई देने की सूचना मिलने के तुरंत बाद भारतीय सेना और पुलिस ने सच्चार इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल का चप्पा-चप्पा छाना। शाम ढलने तक सर्च ऑपरेशन जारी था लेकिन संदिग्धों का कोई सुराग नहीं लग पाया। शाम चार बजे से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन रात आठ बजे तक जारी था। अंधेरा होने के कारण और धुंध छाने की वजह से सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा।
बता दें कि आठ जुलाई को बदनोता गांव में आंतकी वारदात को अंजाम देने वाले आतंकवादी अभी भी सुरक्षा बलों के हत्थे नहीं चढ़े हैं। इसके बाद इलाके में सेना और पुलिस लगातार सक्रियता बरत रही है। सच्चार से सटे जंगलों में भारतीय सेना ने हेलिकॉप्टर से तलाशी अभियान चलाया और आतंकवादियों को ढूंढने के लिए पैरा कमांडोज की मदद भी ली। एसडीपीओ बिलावर शिवेंद्र सिंह ने कहा कि अगर इलाके में कोई संदिग्ध दिखाई दे तो लोग तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दें।