दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के लेथपोरा में सीआरपीएफ काफिले पर हमले मामले में सुरक्षा बलों ने शक के आधार पर सात युवाओं को हिरासत में लिया है। पुलवामा व अवंतीपोरा में वीरवार की रात छापेमारी कर इन्हें आत्मघाती हमला में शक के आधार पर हिरासत में लिया है। फिलहाल इनसे सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ में जुटी हुई हैं।
केंद्र सरकार ने आतंकी हमले की जांच के लिए एनआईए की 12 सदस्यीय टीम का गठन किया था। इसने शुक्रवार सुबह लेथपोरा स्थित घटनास्थल पर पहुंचकर तमाम सबूत इकट्ठा किए। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी मौके का दौरा कर आवश्यक सबूत लिए। शनिवार को भी टीम मौके से साक्ष्य एकत्रित करेगी। जांच टीम का कहना है कि एक बार पूरा विश्लेषण कर लिया जाए तब कुछ भी स्पष्ट रूप से बताया जा सकता है।