अमरनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कटड़ा और वैष्णो देवी भवन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियां हर आने-जाने वाले की जांच कर रही हैं और पूरे क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।
आगामी अमरनाथ यात्रा को देखते हुए मां वैष्णो देवी भवन और धर्मनगरी कटड़ा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कटड़ा से सटी सभी सुरक्षा चौकियों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, और आने-जाने वाले हर वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है।कटड़ा-जम्मू मार्ग पर नोमाई चेक पोस्ट पर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। कटड़ा-जम्मू मार्ग, कटड़ा-उधमपुर मार्ग और कटड़ा-रियासी मार्ग पर सुरक्षा बलों की लगातार गश्त जारी है, और हर राहगीर की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
कटड़ा में भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य एजेंसियों के अधिकारी व जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। मां वैष्णो देवी के सभी मार्गों पर भी पुलिस और सीआरपीएफ के जवान लगातार गश्त पर हैं। मां वैष्णो देवी भवन परिसर में पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी तैनात हैं, और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकें भी लगातार जारी हैं।