आतंकियों की चहलकदमी रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी होने लगी है। कुछ आतंकियों की शहर में मौजूदगी के सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिले हैं। आशंका जताई गई है कि नूरबाग, नौहट्टा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों के ठिकानों, प्रतिष्ठानों, काफिले तथा तैनाती स्थल पर ग्रेनेड हमले किए जा सकते हैं।
खुफिया इनपुट के बाद सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। प्रमुख स्थलों, सैन्य ठिकानों, नाकों तथा प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों का कहना है कि खुफिया एजेंसियों को इस बात के इनपुट मिले हैं कि पिछले कुछ दिनों में डाउनटाउन इलाके में आतंकियों की मौजूदगी देखी गई है। आतंकी नूरबाग, नौहट्टा तथा ईदगाह इलाके में सुरक्षा बलों को निशाना बना सकते हैं।
आतंकी खासकर ग्रेनेड हमले तथा अंधाधुंध फायरिंग कर सुरक्षा बलों को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे हैं। इनके निशाने पर शहर में सुरक्षा बलों के ठिकाने, प्रतिष्ठान, सुरक्षा बलों की तैनाती स्थल तथा काफिले हो सकते हैं। विभिन्न नाके तथा पुलिस थानों पर भी ग्रेनेड फेंके जा सकते हैं।
भीड़ में शामिल होकर हमले की साजिश
आतंकी हमले की साजिश
- फोटो : Demo Photo
सूत्रों ने बताया कि शहर में लश्कर, हिजबुल तथा जैश से जुड़े आतंकियों के आने-जाने की सूचनाएं आती रही हैं। इनके डाउनटाउन इलाके में लोगों से मिलने-जुलने के इनपुट हैं। इनकी कोशिश स्थानीय युवाओं को आतंक के रास्ते पर ले जाने के लिए भड़काने की रही है।
हालांकि, इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। पिछले वर्ष लाल चौक इलाके से जैश के दो ओजीडब्ल्यू पकडे़ गए थे।
आतंकी भीड़ में शामिल होकर हमले की साजिश रच रहे हैं। इसके तहत प्रदर्शनकारियों की भीड़ में घुसकर सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश रची गई है, ताकि भीड़ की आड़ में आसानी से मौके से फरार हुआ जा सके। इसलिए प्रदर्शन के दौरान भी अलर्ट रहने की सुरक्षा बलों को हिदायत दी गई है।
श्रीनगर में बढ़े हैं ग्रेनेड हमले
आतंकी हमले की साजिश
- फोटो : File Photo
श्रीनगर में ग्रेनेड हमले बढ़े हैं। वीरवार को श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र हैदरपोरा में आतंकियों ने पुलिस के रात्रिकालीन दस्ते (नाइट कौलम) को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इसमें एक जवान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। इसके पहले गत रविवार को सफाकदल इलाके में सीआरपीएफ कैंप पर आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया, जिसमें एक एसआई समेत चार जवान घायल हो गए थे।