जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ को जल्द आतंक मुक्त बनाने के लिए सभी एजेंसियां मिलकर काम करें। आपस में तालमेल बढ़ाएं। जो आतंकी बचे हुए हैं। उनका जल्द सफाया होना चाहिए। डीजीपी दिलबाग सिंह ने सोमवार को किश्तवाड़ का दौरा कर संयुक्त रूप से सुरक्षा एजेंसियों की बैठक में राज्य को आतंकवाद मुक्त करने पर जोर दिया। बैठक में क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी प्राप्त की। जवानों के लिए आयोजित दरबार में भी सिंह पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना।
इससे पहले किश्तवाड़ पुलिस मुख्यालय में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने डीजीपी को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के बारे जानकारी दी। पिछले दिनों ही पुलिस और सेना ने मिलकर तीन आतंकियों को ढेर कर दिया जो भाजपा नेता और संघ नेता की हत्या में शामिल थे। इसके अलावा सात अन्य आतंकियों को भी दबोचा गया था। डीजीपी ने कहा कि यह सभी एजेंसियों का आपस में तालमेल था। जिसकी वजह से आतंकियों पर कार्रवाई हो सकी। लगातार खबरें आ रही हैं कि पाकिस्तान से आतंकियों ने घुसपैठ की है।
पिछले कुछ हमले इस बात का प्रमाण भी हैं। पाकिस्तान लगातार जम्मू कश्मीर की शांति भंग करने की कोशिश कर रहा है। सिंह ने कहा कि किश्तवाड़ में आतंकियों के खात्मे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने जम्मू कश्मीर पुलिस की सराहना की है।
स्थानीय लोगों के दलों से भी मुलाकात की
डीजीपी ने किश्तवाड़ के हिंदु और मुस्लिम संगठनों के लोगों से भी मुलाकात की। उनकी समस्याओं को सुना। उनसे अनुरोध किया कि वह मिलकर रहें। देश विरोधी ताकतों को हावी न होने दें। सब लोग क्षेत्र में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाकर रखें। उन्होंने लोगों द्वारा पुलिस का सहयोग करने का भी आभार प्रकट किया। भविष्य में भी लोगों का सहयोग मांगा।