केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने जम्मू कश्मीर में गर्वनमेंट मेडिकल कालेजों में 2017-18 के सत्र के लिए विभिन्न विषयों में 70 पीजी की सीटें बढ़ाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। तकनीकी नियमों और विद्यार्थियों व फैकल्टी सदस्यों की औसत के हिसाब से शेर ए कश्मीर इंस्टीच्यूट आफ मेडिकल साइंसिस सौउरा में 20 सीटें बढ़ाई गई है।
जीएमसी श्रीनगर में 37 और जम्मू के मेडिकल कालेज में 13 पीजी की सीटें बढ़ीं हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रकाश नड्डा और राज्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बाली भगत के मध्य बुधवार को नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान रियासत के मेडिकल कालेजों में 70 पीजी सीटें बढ़ाने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मंत्री बाली भगत ने जम्मू कश्मीर के लिए पीएमडीपी के अंतर्गत लंबित राशि को जारी करने, परिवार कल्याण योजना के अंतर्गत नान प्लान बजट की प्रतिपूर्ति, मंजूर किए गए मेडिकल कालेजों के लिए फंड जारी करने के काम में तेजी लाने, स्टेट कैंसर इंस्टीच्यूट के लिए फंड जारी करने, ड्रग टेस्टिंग लैब का दर्जा बढ़ाने , टरशरी केयर कैंसर सेंटरों के लिए फंड जारी करने, जीएमसी में बर्न केयर यूनिट की स्थान और जम्मू व कश्मीर में एम्स की स्थापना का मामला उठाया।