उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के ननिगाह-हायगाम बेल्ट में एलओसी के करीब आतंकियों के खिलाफ शुक्रवार से चलाया गया सर्च आपरेशन वीरवार को भी जारी रहा।
इस दौरान सुरक्षा बलों के जवान हेलीकाप्टर और खोजी कुत्तों की मदद से लश्कर के आतंकियों के ग्रुप की तलाश में लगे रहे। सूत्रों के मुताबिक इस ग्रुप में करीब दस आतंकी शामिल हैं।
आतंकी कई बार सुरक्षा बलों को चकमा दे चुके हैं। वीरवार को पूरे दिन इलाके में सेना के हेलीकाप्टर मंडराते हुए नजर आए। देर शाम तक इलाके में सर्च आपरेशन जारी था।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आपरेशन में 41 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), 4 पैरा और 9 पैरा के विशेष कमांडो के अलावा जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवान शामिल हैं।
गौरतलब है कि इस आपरेशन में मंगलवार को राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग आफिसर कर्नल संतोष शहीद हो गए थे जबकि अब तक आपरेशन में चार जवान घायल हुए हैं।