सेना के जवानों का सर्च आपरेशन जारी
- फोटो : File Photo
कश्मीर के नौगाम में आतंकियों की तलाश में सेना का सर्च आपरेशन लगातार तीसरे दिन जारी है। सूत्रों के मुताबिक एलओसी से सटे नौगाम के जंगलों में आतंकियों की मौजूदगी के इनपुटों के बाद सेना द्वारा आतंकियों की तलाश में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इससे पूर्व शनिवार को सेना के द्वारा एलओसी से सटे इलाके में आतंकियों के एक दल को इंटरसेप्ट किया गया था। इसके बाद सेना ने आतंकी घुसपैठ के इनपुटों के बाद तलाशी अभियान शुरू किया। सर्च आपरेशन के दौरान ही सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें दो आतंकियों को मार गिराया गया।
शनिवार को आतंकियों से लोहा लेने की कार्रवाई में सेना के दो जवान भी शहीद हुए। इस मुठभेड़ के बाद सेना ने पैरा कमांडोज की मदद से नौगाम के जंगलों में अपना कांम्बिंग आपरेशन शुरू किया। इस आपरेशन के दूसरे दिन रविवार को एक बार फिर सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें 2 अन्य आतंकियों को मार गिराया गया। इस दौरान सेना का एक अन्य जवान भी शहीद हुआ।