सीमा पर सुरंग का अंदेशा होने पर बीएसएफ ने बैनगलाड में चलाया तलाशी अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कश्मीर में होने वाली जी-20 बैठक को लेकर भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। रक्षा सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई जी-20 बैठक को प्रभावित करने के उद्देश्य से ड्रोन की घुसपैठ करवाने की चालें चल रही है। साथ ही सीमा पर सुरंगों से घुसपैठ करवाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इनसे निपटने के लिए सीमा पर ड्रोन रोधी प्रणाली लगाई गई हैं, ताकि पाकिस्तान की नापाक हरकत को विफल किया जा सके।
रक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब पाकिस्तानी सेना की मदद से आतंकवादियों को सुरंगों के रास्ते घुसपैठ करवाई जाने की साजिश चल रही है। सांबा की भारत-पाकिस्तान सीमा से सुरंगों के रास्ते घुसपैठ करने की कोशिश है, क्योंकि सांबा की सीमा से हाईवे काफी निकट है। इससे घुसपैठ करने के बाद आतंकी हाईवे पर आसानी से पहुंच जाते हैं। यही कारण है कि सांबा सेक्टर में सबसे अधिक सुरंगें मिली हैं। हालांकि, भारतीय सुरक्षा बलों की ओर से पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए पूरी तैयारी की गई है। सेना भारत-पाकिस्तान सीमा की निगरानी के लिए ड्रोन की सहायता ले रही है। जो जम्मू से पंजाब की सीमा तक निगरानी करेगा। इसकी रिहर्सल भी हो चुकी है।
सीमावर्ती क्षेत्र बैनगलाड की भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरंग का अंदेशा होने पर बीएसएफ ने मंगलवार को तलाशी अभियान भी चलाया। सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती क्षेत्र को पूरी तरह खंगाला, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। उधर, पिछली पंक्ति में सेना ने भी मोर्चा संभाल रखा है। पूरी सीमा पट्टी के पिछले सुरक्षा ग्रिड का जिम्मा सेना ने उठाया है, ताकि पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का मुंह तोड़ जवाब दिया जा सके।
बीएसएफ के आईजी ने सुरक्षा व्यवस्था पर की बैठक
बीएसएफ के आईजी अशोक यादव ने मंगलवार को बीएसएफ हेडक्वार्टर पंजटीला पहुंचकर भारत-पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा व्यवस्था पर अधिकारियों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी किए जाने के बारे में इस बैठक में चर्चा हुई। सीमा पर पहले से ही हाई अलर्ट रखा गया है।