आतंकियों के खात्मे के लिए उतारे पैरा कमांडो, चॉपर और ड्रोन से खंगाले जा रहे जंगल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बनी उपमंडल के ढग्गर से लेकर नुकनाली, लोआंग, सरथलां और छत्रगलां के जंगलों में छिपे आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। नुकनाली के पास सुरक्षाबलों पर गोलीबारी करने के बाद भागे दहशतगर्दों को ढेर करने के लिए इलाके में लगातार पैरा कमांडो भी उतारे जा रहे हैं। घने जंगलाें का इलाका होने और पल पल मौसम के खराब होने के चलते सर्च ऑपरेशन भी एहतियात के साथ चलाया जा रहा है। मंगलवार को चॉपर और ड्रोन की मदद से भी जंगल के इलाकों को खंगाला गया। बड़ी संख्या में सुरक्षाबल इलाके में लगातार निगरानी बनाए रखे हुए हैं।
ज्ञात रहे कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ कर आए आतंकियों की तलाश के लिए बनी और लोहाई मल्हार के इलाके में बड़ी संख्या में सेना की तैनाती की गई है। पिछले तीन महीने से लगातार सुरक्षाबल जंगलों को खंगाल रहे हैं। घने जंगल, पहाड़ी स्थलाकृति के अलावा प्राकृतिक गुफाएं आतंकियों के लिए छिपने के ठिकाने बने हुए हैं।