दोमाना। जिले के मालपुरा क्षेत्र में बीते मंगलवार को नहाते समय चिनाब में बहे तीसरे किशोर अंशु कुमार का सातवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिला है। सोमवार को भी दिनभर टीमों ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। अंधेरा होने पर अभियान को स्थगित कर दिया गया है। अब मंगलवार को फिर से खोज की जाएगी।
सोमार को कानाचक पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाकर चिनाब के चप्पे-चप्पे को खंगाला है, लेकिन शाम तक कोई सुराग नहीं मिला है। टीमों ने मालपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर तक खोजबीन की। अब मंगलवार को फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा। उधर, किशोर के नहीं मिलने से परिवारवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। सनद रहे चिनाब में नहाते समय तीन किशोर चचेरे भाई तेज बहाव में बह गए थे। उनमें से दो के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए थे।