हाई सिक्योरिटी जोन में राजभवन के पास नाका तोड़कर एक वाहन के भाग निकलने से हड़कंप मच गया। थोड़ी दूर पर गाड़ी छोड़कर उसमें सवार दो संदिग्ध पास के जंगल में भाग गए। इसके बाद पुलिस ने दिनभर जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। घटना के बाद राजभवन और आसपास की संवेदनशील जगहों की सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है।
पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे एक टाटा मोबाइल (जेके04-9076) जबरवान पहाड़ियों के पास स्थित राजभवन के पास लगे एक नाके पर से भाग निकली। रुकने का इशारा करने के बावजूद वाहन सवार नहीं रुके। इससे वाहन में आतंकी सवार होने का शक हुआ।
तलाशी अभियान शुरू करने के बाद कुछ ही दूरी पर वाहन तो मिल गया, लेकिन, उसमें सवार दो संदिग्ध राजभवन के पीछे के घने जंगलों की ओर भाग निकले। उन्हें तलाशने के लिए राजभवन के आसपास के जंगलों में दिनभर तलाशी अभियान चलाया गया। पर वह हाथ नहीं लगे।
अधिकारी ने बताया कि जब वाहन की जांच की गई तो उसमें से कुछ सामान मिला। जांच के दौरान यह पता चला कि गाड़ी से बरामद सामान और गाड़ी चोरी की है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि फरार संदिग्ध चोर भी हो सकते हैं। पुलिस से बचने के लिए वह भाग खड़े हुए।