राजोरी शहर के फलयाना क्षेत्र में हाईवे स्थित सेना के एम्यूनिशन डिपो के पास संदिग्ध देखे जाने से हड़कंप मच गया। शनिवार को सुबह करीब 11 बजे कुछ लोगों ने सेना के डिपो के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा था। इसकी खबर सेना को दी गई। सेना के जवानों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान छेड़ दिया।
सेना के डिपो के साथ ही सेना का वैली व्यू आर्मी पब्लिक स्कूल और सेना का 150 जनरल अस्पताल भी है। संदिग्ध की खबर से अभिभावकों को अपने बच्चों की चिंता सताने लगी। अभिभावक स्कूल की ओर दौड़ने लगे।
करीब एक घंटे तक हड़कंप मचा रहा। इसके बाद सेना ने संदिग्ध को पकड़ लिया। जांच में पाया गया कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है और वह इधर-उधर घूमता रहता है। सेना ने पूछताछ के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया है।