शहर में एक संदिग्ध के बार्डर क्रास कर या फिर बाहरी राज्य से रियासत में दस्तक देने की सूचना पुलिस के पास पहुंची है। इसकी तलाश में जम्मू, सांबा और कठुआ पुलिस को सक्रिय किया गया है।
मंगलवार को कठुआ से लेकर जम्मू तक पुलिस के दस्तों ने संदिग्ध की तलाश की। खासकर छन्नी हिम्मत क्षेत्र में पुलिस ने गहन जांच और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। खुफिया एजेंसियों ने पुलिस को अलर्ट करते हुए इसकी जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है।
यह संदिग्ध कठुआ से कश्मीर तक जाने की फिराक में है। जो कुंजवानी से नगरोटा बाईपास की ओर से गुजरने की ताक में है। इसे देखते हुए पुलिस को अलर्ट किया गया। माना जा रहा है कि वह छन्नी क्षेत्र में कहीं रात बिता सकता है और किसी अनचाही घटना को अंजाम दे सकता है।
इसे देखते हुए पुलिस ने कुंजवानी बाईपास पर हर वाहन की जांच की। बसों से लेकर छोटे वाहनों तक को खंगाला गया है। हालांकि यह संदिग्ध कौन है और इसका पूरा टारगेट क्या है, इसकी कोई जानकारी नहीं है।
सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को पुलिस ने छन्नी क्षेत्र के कुछ होटलों को भी खंगाला। हाईवे पर स्थित कुछ होटलों को भी खंगाला गया है। इसके बारे में आईजी जम्मू दानेश राणा से बात करने पर उन्होंने कहा कि फेस्टिवल सीजन को लेकर पहले से अलर्ट है।
किसी एक की तलाश के लिए जांच नहीं है। दशहरा, दिवाली और कई फेस्टिवल आने वाले हैं। इसलिए अलर्ट कर शहर में नजर रखने को कहा गया है।