उत्तरी कश्मीर के सोपोर में सोमवार को भी सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खबर सेना को मिली थी। सोपोर में सभी सुरक्षा एजेंसियों को चौकस कर दिया गया है।
सैन्य सूत्रों के अनुसार सेना को एक गुप्त सूचना मिली थी कि सोपोर के सैदपुरा में कुछ अन्य आतंकी छिपे हुए हैं। जानकारी इसके बाद सेना ने सैदपुरा और इसके आसपास के इलाकों का घेराव किया। इलाके में सुबह 11 बजे से तलाशी अभियान शुरू किया जो दो घंटे तक चला।
लेकिन इलाके में किसी भी आतंकी का पता नहीं चला। सैन्य सूत्रों ने बताया कि उन्हें यह भी शक हुआ कि रविवार को इसी इलाके में हुई मुठभेड़ में कोई आतंकी बच निकला हो और वह इसी इलाके में छुपा हो, इसलिए अभियान चलाया गया।
गौरतलब है कि सोपोर आतंकवाद का गढ़ माना जाता है। यहां पिछले एक सप्ताह के भीतर हुई आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी को देख सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी बढ़ाई है। लगभग सभी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। दरअसल, आतंकी 26 जनवरी या उससे पहले किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की ताक में हैं।