सर्च ऑपरेशन के दौरान सेना के जवान
- फोटो : PTI
गणतंत्र दिवस से पूर्व कश्मीर घाटी में आतंकी हमलों की साजिश के इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा तंत्र बेहद सक्रिय हो गया है। तमाम संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। मंगलवार को सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाए।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों को सोमवार देर रात इनपुट मिला कि बारामुला जिले के सोपोर इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं। सूचना मिलने के तुरंत बाद पूरे इलाके को घेरने की कवायद शुरू हो गई।
घेराबंदी कर घर-घर तलाशी अभियान चलाया गया। इलाका घनी आबादी वाला होने की वजह से आतंकियों का पता नहीं चल पाया। वहीं बांदीपोरा के हाजिन इलाके में भी सुबह कुछ आतंकियों के इलाके में छुपे होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर एक साझा तलाशी अभियान चलाया गया।