-रख अंब टाली से प्रवासी दंपती के लापता तीनों बच्चे अमृतसर स्टेशन से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। शहर के रख अंब टाली से शुक्रवार से प्रवासी दंपती के लापता तीनों बच्चे अमृतसर रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वह पढ़ाई के डर से अमृतसर चले गए थे।
पिता सोनू शॉ ने बताया कि शनिवार को पुलिस में बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बच्चे घर से ट्यूशन के लिए गए थे। वह न ट्यूशन पर पहुंचे और न ही घर लौटे। देर शाम को बच्चों ने फोन किया कि वे अमृतसर पहुंच गए हैं। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि बच्चे अमृतसर रेलवे स्टेशन पर हैं। सांबा पुलिस ने अमृतसर पुलिस से संपर्क साधा और बच्चों को थाने में रखने को कहा। देर शाम सांबा पुलिस की टीम बच्चों के पिता के साथ अमृतसर पहुंची। अमृतसर पुलिस ने परिवार की मौजूदगी में बच्चों को सांबा पुलिस के हवाले कर दिया। बच्चों को सांबा लाने के बाद पुलिस ने बच्चों का मेडिकल करवाकर परिवार को सौंप दिया।
स्कूल और ट्यूशन न जाने के लिए बनाते थे बहाने
पिता सोनू शॉ ने बताया कि बच्चों का पढ़ाई में मन नहीं लगता था। वे स्कूल और ट्यूशन न जाने के लिए आए दिन बहाने बनाते थे। वे पढाई के डर से घर से भागे थे। शुक्रवार को ट्यूशन जाने की बजाए बच्चे बस पकड़कर जम्मू गए और वहां से ट्रेन में बैठकर अमृतसर जा पहुंचे। उसने कहा कि बच्चों के मिलने से परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली है।