पुंछ। मेंढर में नियंत्रण रेखा के आसपास के करीब आधा दर्जन ग्रामीण क्षेत्रों में वीरवार को सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। जंगल भी खंगाले गए। देर शाम तक जारी इस तलाशी अभियान में सुरक्षाबलों के हाथ कुछ नहीं लगा।
पिछले कई दिनों से पाकिस्तान सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों में गोलाबारी कर रहा है। गोलाबारी की आड़ में आतंकियों के घुसपैठ करने की आशंका को देखते हुए ये तलाशी अभियान चलाया गया ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं कोई आतंकी घुसपैठ करके इस पार आने में सफल तो नहीं रहा। दोपहर में चले अभियान में मेंढर पुलिस, एसओजी और सेना ने सखी मैदान, बैरीरख, सलवा, छजला, भाटीधार, मनकोट आदि ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के जंगलों को खंगाला।