श्रीनगर। हंदवाड़ा के वनगाम गाजियाबाद में पुलिस और सुरक्षाबलों का संयुक्त सर्च ऑपरेशन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। हमले के बाद से ही इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षाकर्मी घर-घर की तलाशी ले रहे हैं। सुरक्षाबलों का कहना है कि आतंकी अभी इसी रिहायशी इलाके में ही कहीं शरण लिए हुए हैं। जल्द ही उनका पता लगा लिया जाएगा।
वहीं हंदवाड़ा के वानगाम गाजियाबाद में शहीद हुए सीआरपीएफ के तीनों जवानों को मंगलवार को श्रीनगर सीआरपीएफ हेडक्वार्टर में श्रद्धांजलि दी गई। सीआरपीएफ की 92 बटालियन और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों ने शहीद कांस्टेबल संतोष कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अश्वनी कुमार यादव, कांस्टेबल चंद्रशेखर को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी शहादत को नमन किया। इसके बाद तीनों शहीद जवानों के पार्थिव शरीर उनके घर के लिए रवाना कर दिए गए।
डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी रहेगा। हमने वीर सपूतों को खोया है। आतंकियों के हमलों से निपटने के लिए रणनीति बनाई गई है।