कुपवाड़ा में आपरेशन के दौरान मोर्चे पर जवान
- फोटो : फाइल फोटो
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में वीरवार को सेना के कैंप पर आतंकी हमले के बाद से सेना के जवानों द्वारा गहन तलाशी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेना को शक है कि हमले में शामिल एक अन्य आतंकी फरार हो गया है जिसकी तलाश के लिए कैंप के आसपास के जंगलों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि कुपवाड़ा में सेना के कैंप पर वीरवार सुबह आतंकियों द्वारा हमला किया गया था। इस बाबत जानकारी देते हुए पंजगाम कैंप के सीओ सौरभ जोशी ने बताया कि हमला सुबह साढ़े चार बजे हुआ। 35-40 मिनट तक चली मुठभेड़ में दो विदेशी आतंकी ढेर किए गए।
मारे गए आतंकियों से तीन एके 47 रायफल, ग्रेनेड, मैग्जीन तथा मैप बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही खाने-पीने की सामग्री भी मिली है, जिस पर पाकिस्तान की मुहर है। इससे माना जा रहा है कि आतंकी पाकिस्तानी हैं। उन्होंने बताया कि हथियारों की बरामदगी से ऐसा लगता है कि हमले में एक अन्य आतंकी भी शामिल रहा है जो मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। इसके लिए आसपास के जंगलों में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। पूरे इलाके में सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है।