एसडीएम कोर्ट में रखे सरकारी दस्तावेजों के पिछले दिनों हुई बरसात में भीगने के बाद अब उनकी बेकद्री हो रही है। बेहद महत्वपूर्ण समझे जाने वाले इन कागजातों को वीरवार को कोर्ट के बाहर स्थित परिसर में धूप में सुखाने की मंशा से कुछ इस तरह रख दिया गया, मानो उनका अब कोई मोल ही नहीं है।
एसडीएम कार्यालय के कर्मियों ने भी माना कि बरसात में भीगे दस्तावेज बेहद महत्वपूर्ण हैं। फिर भी उन्हें सुखाने के लिए बाहर धूप में रखने के बावजूद वहां किसी भी कर्मचारी को उनकी निगरानी के लिए नहीं लगाया गया। डलहौजी रोड स्थित एसडीएम कोर्ट के भवन की हालत भी कुछ ठीक नहीं है। बरसात में कागजातों के भीगने के बाद भवन में रखे दस्तावेजों की सुरक्षा इंतजाम पर भी सवाल खड़े हुए हैं। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब वहां जरूरी कागजात रखे गए हैं तो बरसात में उनके भीगने की नौबत भला कैसे आई।
वीरवार को कोर्ट परिसर में धूप में सूखने के लिए न केवल कागजातों को रखा गया था, बल्कि जरूरी और गोपनीय समझे जाने वाले विडियो कैसेट्स और सीडी भी रखे गए थे। बावजूद इसके वहां उनकी सुरक्षा के लिए कोई प्रबंध नहीं था। सवाल यह भी है कि यदि बाहर रखे कागजात और कैसेट गायब हो जाते तो इसका जिम्मेदार कौन होता।