अखनूर। हाल ही में युवा राजपूत सभा ने सरकारी बॉयज हायर सेकंडरी स्कूल अखनूर के मुख्य द्वार पर महाराजा हरि सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल अखनूर का बोर्ड लगाए जाने के बाद इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को युवा राजपूत सभा के अध्यक्ष विक्रम सिंह विक्की के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों की मौजूदगी में यह बोर्ड स्कूल के मुख्य गेट पर लगाया गया था। सभा का दावा है कि यह स्कूल प्रारंभ में महाराजा हरि सिंह जी के नाम पर ही था और ऐतिहासिक दस्तावेज़ इस बात की पुष्टि करते हैं।
स्कूल प्रशासन ने इस कार्रवाई को अनधिकृत बताते हुए पुलिस को शिकायत सौंपी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और इस कार्य में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। एसएचओ अखनूर संजीव छिब ने पुष्टि की कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।