जम्मू। नीट, जेईई, एडीए, यूजी-क्लैट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग में मदद चाहने वाले लद्दाखी छात्र-छात्राओं के लिए रीवा योजना का पोर्टल खुल गया है। लद्दाख के 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र इस पोर्टल पर कोचिंग सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह पोर्टल आने वाली 14 जून तक खुला रहेगा। ज्यादा जानकारी के लिए छात्र-छात्राएं रीवा पोर्टल के लिंक https://socialwelfare.ladakh.gov.in/rewa पर क्लिक कर प्राप्त कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी लेह के अनुसार 14 जून के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस स्कीम के अंतर्गत आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं को कोचिंग फीस, ट्यूशन फीस, रहने-खाने का खर्च वहन करने के लिए स्कॉलरशिप दी जाती है। यह एक लाख रुपए तक हो सकती है। स्कॉलरशिप 12 महीने यानी एक वर्ष तक के लिए दी जाती है।
आईआईएम जम्मू में कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम
जम्मू। आईआईएम जम्मू के जगती कैंपस में मंगलवार को वित्त के साथ ही योजना विभाग के अधिकारियों के लिए एक कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इसका नाम कैटलाइजिंग एक्सीलेंस इन गवर्नेंस रखा गया। इस दौरान अधिकारियों को गवर्नेंस फ्रेमवर्क आदि की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में योजना विकास विभाग के सचिव तलत परवेज रोहेल्ला, विभाग के निदेशक गोपाल शर्मा, आईआईएम जम्मू के निदेशक बीएस सहाय आदि मौजूद रहे।