कश्मीर मुद्दे को एक बार फिर से पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में उठाया है। विदेश मंत्रालय ने आज जारी एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेशी मामलों में प्रधानमंत्री के सलाहाकार सरताज अजीज ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख बान की-मून से कल रात फोन पर बात की और नियंत्रण रेखा पर स्थिति के बारे में चर्चा की।
अजीज ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख से कहा, संयुक्त राष्ट्र के हस्तक्षेप से संकटपूर्ण स्थितियों से निपटने में इस संगठन की साख बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि संयुक्तराष्ट्र को एक पक्ष के असहयोग के चलते संकोची नहीं होना चाहिए। बान को अजीज द्वारा किया गया यह फोन दरअसल कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने के पाकिस्तान के प्रयासों का ही एक हिस्सा था।
आपको बताते चले कि 11 अक्टूबर को भी सरताज अजीज ने बान की मून को एलओसी और इंटरनेशनल बार्डर की सुरक्षा स्थितियों के बारे में एक पत्र लिखकर इस मुद्दे को सुलझाने में वैश्विक संगठन के हस्तक्षेप की मांग की थी।