जम्मू। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को टाउन हाल में मांगों को लेकर बैठक की। इस दौरान ठेका प्रथा को समाप्त करने, कर्मचारियों को नियमित करने व लंबित एसआरओ-43 मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग उठाई गई।
रोष जताते हुए सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रिंकू गिल ने कहा कि निजी कंपनियों और एनजीओ के माध्यम से कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कंपनियां कर्मचारियों के वेतन से पीएफ काटने के बावजूद जमा नहीं करवा रहीं जिससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने न्यूनतम वेतन बढ़ाने, मृत कर्मचारियों के परिवारों को मिलने वाली एक्स ग्रेशिया राशि बढ़ाने, नई कॉलोनियों के आवंटन और खाली पदों को भरने की मांग की। संवाद