कठुआ-विजयपुर नहर का मामला, पानी के अभाव में सूख रही फसल
विजयपुर, ओल्ड विजयपुर, रामपुरा, करपालपुर, गगोर, गडवाल व चक सलारिया आदि गांवों के लोगों को मिलता है लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। तीन माह से कठुआ-विजयपुर नहर में पानी की आपूर्ति नहीं होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
क्षेत्रवासी जगजीत सिंह, देवराज और रमेश शर्मा ने बताया कि कठुआ से विजयपुर की मुख्य नहर में पानी की आपूर्ति होती है। इससे विजयपुर, ओल्ड विजयपुर, रामपुरा, करपालपुर, गगोर, गडवाल व चक सलारिया आदि क्षेत्रों के गांवों के किसानों को लाभ पहुंचता है।
नहर में पानी नहीं आने के कारण किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। पानी के अभाव में फसलें सूख रही हैं। आर्थिक रूप से मजबूत किसान तो ट्यूबवेल से खेतों में सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन मध्यमवर्गीय किसान बारिश का इंतजार करने के लिए मजबूर हैं। सिंचाई विभाग की ओर से विजयपुर गांव के बीच से निकली नहर की सफाई नहीं कराई गई है।
नहर में पेड़-पौधे उग आए हैं। इस कारण किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। किसानों ने सरकार से मांग की है कि नहर में पानी की आपूर्ति की जाए। सिंचाई विभाग के अधिकारी मनमोहन गुप्ता ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर अंदर नहरों में पानी छोड़ दिया जाएगा।