लोग बोले - सीमा पर बनाए सुरक्षा बांध से मिली राहत
सांबा। जिले की भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसे ग्रामीणों में भारत पाक के बीच उपजे तनाव को लेकर कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है।
भारत-पाक सीमा के निकट गांव सुचेतपुर के सेवानिवृत सैनिक सुरेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, अशोक चौधरी और सुभाष सिंह के अनुसार जबसे सीमा पर सुरक्षा बांध बनाया गया है। उन्हें काफी राहत मिली है। पाकिस्तान की ओर से की जाने वाली गोलाबारी उनके गांव के ऊपर से निकल जाती है। पहले हम अपने खेत में काम करते भी काफी डरते थे। अब बांध के बनने से खेत में बिना डर के काम करते हैं। सेवानिवृत सैनिकों के अनुसार कि अब मिसाइल व ड्रोन की जंग है। ऐसे में वह लोग अपने गावों में ही सुरक्षित हैं।
पहले भारत पाक सीमा पर गोलाबारी से उनके गांव प्रभावित होते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वह घरों में ही थे, मिसाइल व ड्रोन का ही इस्तेमाल किया गया था। हालांकि उनके गावों में बनाए गए बंकरों का भी लोगों ने इस्तेमाल किया था। कुल मिलाकर सीमावर्ती ग्रामीणों में दोनों देशों के बीच तनाव का कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है।
जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सांबा। दिल्ली बम विस्फोट के बाद जिलेभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। रात्रि को पुलिस जवानों ने हाईवे पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की। पुलिस और एसओजी की टीम ने जिले के सीमावर्ती गांव पंगदौर, छिन्की में तलाशी अभियान चलाया। गुज्जरों के डेरों को खंगाला गया। एएसपी गारु राम, डीएसपी एसओजी की देखरेख में शाम तक तलाशी अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को कहा कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति मिले तो पुलिस को तुरंत सूचना दें।