शिक्षिका रजनी बाला की याद में निकाला कैंडल मार्च
- फोटो : अमर उजाला
कुलगाम में शिक्षिका रजनी बाला की याद में बुधवार रात को लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। इससे पहले दिन में इनकी हत्या से आक्रोशित लोगों ने सरकार के खिलाफ जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर उतर आए थे। रजनी बाला के गांव नानक चक में शवयात्रा शुरू होते ही कश्मीर से आए कुछ कर्मचारियों और स्थानीय युवकों ने कठुआ से जम्मू की तरफ हाईवे की एक लेन को जाम कर प्रदर्शन किया। इससे 20 मिनट तक जाम लग गया, जिसे वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन देकर यातायात बहाल करवाया।
नानक चक स्थित रजनी बाला के घर के पास से ही हाईवे गुजरता है। सुबह शव को अंत्येष्टि के लिए ले जाने लगे तो कश्मीर से आए कर्मियों और गांव के युवाओं ने सरकार के प्रति रोष जताना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी हाईवे पर उतर आए। उन्होंने कहा कि कुलगाम के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने रजनी बाला को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने से इनकार कर दिया। मुख्य सचिव भी ऐसे हालात के लिए जिम्मेवार हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सभी अल्पसंख्यक कर्मचारियों को कश्मीर घाटी से बाहर स्थानांतरित किया जाए।