बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता सलमान खान ने मंगलवार को कश्मीर में फिल्म बजरंगी भाईजान की शूटिंग दोबारा शुरू की। वर्ष 2002 में हुए हिट-एंड-रन केस में मुंबई सेशन कोर्ट द्वारा मिली पांच साल की सजा और उसके बाद मुंबई हाई कोर्ट से मिली राहत के बाद अब सलमान घाटी में आखिरी पांच दिन की शूटिंग करेंगे।
इस बात की पुष्टि फिल्म निर्देशक कबीर खान ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्वीटर पर की। कबीर ने लिखा ‘सलमान कश्मीर में वापस, शूटिंग के आखिर के पांच दिन’। सलमान कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। सलमान और करीना की बजरंगी भाईजान फिल्म ईद से पहले रिलीज की जाएगी।
गौरतलब है कि बजरंगी भाईजान से पूर्व सलमान और करीना बॉडीगार्ड, क्योंकि, मैं और मिसेज खन्ना आदि नामी फिल्मों में एक साथ काम कर चुके हैं, जबकि निर्देशक कबीर खान की एक था टाइगर के बाद यह सलमान के साथ दूसरी फिल्म है।