पीपुल्स कांफ्रेंस के चेयरमैन सज्जाद लोन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात के बाद गदगद हो उठे हैं। प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात की जानकारी देते हुए लोन ने कहा कि उनकी प्रधानमंत्री से बेठक 15 मिनट के लिए तय थी, पर पता ही नहीं चला कि कब 45 मिनट बीत गए। लोन ने कहा कि मोदी बेहद शालीन और जमीन से जुड़े हुए इनसान हैं।
पूरी मुलाकात के दौरान मुझे लगा ही नहीं कि मैं देश के प्रधानमंत्री से मिल रहा हूं। लोन का कहना है कि बल्कि मुझे तो लग रहा था कि मैं ही मोदी हूं। लोन ने बताया कि शाम चार बजकर 35 मिनट पर मैं मोदी से मिलने पहुंचा। कमरे में मेरे और उनके सिवाय कोई नहीं था।
मोदी ने पूरी मुलाकात के दौरान चुनाव का जिक्र तक नहीं किया। उन्होंने बताया कि मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे कश्मीर के विकास के लिए निजी तौर पर भी ध्यान देंगे। लोन ने बताया कि मोदी ने भरोसा दिलाया कि कश्मीर को फिर से धरती की जन्नत कर देंगे।