श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गनाइजेशन (साबलो) ने आगामी श्री अमरनाथ यात्रा 2017 में यात्रियों की सुरक्षा मजबूत बनाने पर बल दिया है। यात्रियों पर पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के साथ उनकी सुविधा के लिए रात में उन्हें सफर न कराया जाए।
लंगरों में आने वाले सेवादारों की पुलिस वेरिफिकेशन के लिए बोर्ड से स्थानीय पुलिस के माध्यम से फास्ट ट्रैक पर वेरिफिकेशन करवाई जाए। साबलो ने ऐसे 35 मुद्दों को लेकर श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ पीके त्रिपाठी को ज्ञापन देकर कई सुझाव देने के साथ मांगों से अवगत कराया है।
साबलो के महासचिव राजन गुप्ता ने कहा 2016 में अमरनाथ यात्रियों पर घाटी में पत्थरबाजी की कई घटनाएं हुईं जो चिंताजनक हैं। खराब हालात के बीच यात्रियों को रात में सफर कराया गया, जिससे उनके मनोबल पर असर पड़ने के साथ उन्हें महिलाओं और बच्चों के साथ असुविधा झेलनी पड़ीं। ऐसी परिस्थितियों के चलते हर साल यात्रियों की गिरती संख्या भी चिंता का विषय है।
अर्द्धसैनिक बलों के हवाले पूरी यात्रा की सुरक्षा देने की मांग
amarnath yatra
- फोटो : FILE PHOTO
बोर्ड को दिए ज्ञापन में कई मुद्दों पर प्रमुख रूप से ध्यान केंद्रित किया गया है। इसमें बोर्ड से आग्रह किया गया है कि लंगर स्थापित होने से पहले लंगर स्थलों पर बिजली, पानी सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवा दी जाएं।
पुलिस वेरिफिकेशन के लिए मई तक बोर्ड को संबंधित सूची भेजने पर काम किया जाएगा, जबकि जून में लंगर स्थापित करने का काम शुरू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस साल भी पिछली बार की तरह 116 लंगरों को स्थापित करने पर यथास्थिति कायम रखी गई है। ज्ञापन में यात्रा रूट पर विभिन्न स्थानों पर आन स्पॉट पंजीकरण केंद्र खोलने, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र को सरल बनाने की मांग शामिल है।
साथ ही अर्द्धसैनिक बलों के हवाले पूरी यात्रा की सुरक्षा देने, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने, रोजाना यात्रियों का कोटा 7500 से बढ़ाकर 12000 करने, पर्याप्त अस्थायी शौचालय स्थापित करने, एयर एंबुलेंस सेवा, पवित्र गुफा से दर्शन का सीधा प्रसारण, बालटाल में भूस्खलन की घटनाएं रोकने, सेवादार कार्ड पर राहत देने आदि शामिल है। अमरनाथ यात्रा आगामी 29 जून से शुरू होकर 7 अगस्त तक चलेगी।