डोडा। डोडा पुलिस की ओर से रविवार को एक दिवसीय एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया, जिसे गवर्नमेंट ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल के 12वीं के छात्र मोहम्मद यूनुस ने अपने नाम किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार रन फॉर फन में विभिन्न स्कूलों के अंडर-20 वर्ग के छात्रों ने जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दौड़ पुलिस लाइन डोडा से शुरू हुई, जिसे एएसपी हेडक्वार्टर मास्टर पेप्सी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ पुलिस लाइन से शुरू हो कर ढोढर से होते हुए गणपत पुल पर संपन्न हुई। प्रतियोगिता में गवर्नमेंट ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र मोहम्मद यूनुस निवासी गदोह ने पहला, ग्रीन मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के आठवीं के छात्र मोहम्मद कैफ निवासी गंदोह ने दूसरा और गवर्नमेंट ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल के 12वीं के छात्र शिव कुमार निवासी मलवाना ने तीसरा स्थान हासिल किया।
खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने इनाम देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पीएन टीकू डिप्टी कमांडेंट आईआरपी 5 बटालियन, नीलम कांत डिप्टी कमांडेंट एसएसबी, जगदीश राज डिप्टी कमांडेंट सीआरपीएफ, अयाज मुगल जिला शिक्षा एवं योजना अधिकारी सहित कई लोग मौजूद रहे।