अनुच्छेद 370 पर विधानसभा में मुख्यमंत्री के बयान के बाद हंगामे की भेंट चढ़ चुके विधानसभा और विधान परिषद के सत्र के बाद अब इस मामले को पार्टियां सड़क पर भुनाने की तैयारी में जुट गई है। विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के नेताओं में बैठकों का दौर जारी है, ताकि इस मामले पर सियासत की जा सके।
वहीं भाजपा भी जम्मू संभाग में अपना पक्ष अपने प्रवक्ताओं के माध्यम से रख रही है और अनुच्छेद 370 को रियासत में अलगाववाद की जड़ और सभी समस्याओं के लिए जिम्मेदार बताया जा रहा है।भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी का कहना है कि अनुच्छेद 370 अलगाववाद की जड़ है।
सेठी की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि पार्टी के लिए अनुच्छेद 370 और इसके बाद धारा 35ए हटाना कोर एजेंडा रहा है और पार्टी अपने कोर एजेंडे से पीछे नहीं हो सकती। 370 को हटाना और राष्ट्रवाद भाजपा का मुद्दा है। सेठी का कहना है कि अन्य पार्टियां भाजपा के इस मुद्दे पर विरोध कर रही हैं, उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए।