आरएस पुरा बसीएसफ के शहीद गुरनाम के शहीदी दिवस पर नमन करते विधायक व अन्य ग्रामिणस्रोत संवा
आरएस पुरा। गांव रठाना में बीएसएफ के जवान गुरनाम सिंह के नौवें शहीदी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांबा सेक्टर की अग्रिम सुरक्षा चौकी बोबिया में 22 अक्टूबर 2016 को शहीद हुए सीमा सुरक्षा बल के बलिदानी जवान गुरनाम सिंह को उनके नौवें शहीदी दिवस के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
आरएस पुरा-अरनिया मार्ग स्थित शहीद गुरनाम सिंह चौक स्मारक स्थल पर राठाना चौक में श्रद्धांजलि समारोह के दौरान सीमा सुरक्षा बल के जवानों और अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधायक सुचेतगढ़ प्रो. गारू राम भगत, नेकां ग्रामीण जिला प्रधान नरेश बिट्टू, पूर्व सरपंच कुलबीर सिंह, शहीद के पिता कुलबीर सिंह और माता जसवंत कौर के साथ-साथ अन्य परिजनों एवं क्षेत्र के लोगों ने पहुंच कर शहीद की प्रतिमा पर फूल माला अर्पित कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने शहीद के प्रतिमा स्थल पर तिरंगा झंडा फहराया और शहीदों को नमन किया।
इस मौके पर नेकां के जिला ग्रामीण प्रधान नरेश बिट्टू ने सीमा सुरक्षा बल के शहीद जवान गुरनाम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूरे देश को इन शहीदों पर गर्व है।
इस अवसर पर शहीद के पिता कुलबीर सिंह और माता जसवंत कौर ने कहा कि उन्हें अपने बेटे पर हमेशा गर्व रहेगा। इस अवसर पर अन्य ग्रामीणों ने अपने-अपने विचार रखे।