आरएस पुरा पुलिस की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य मैराथन में शमिल युवा
कस्बे के टाली मोड़ से शुरू हुई मैराथन का सतोवाली ग्राउंड सुचेतगढ़ में हुआ समापन
आरएस पुरा। पुलिस ने शुक्रवार को आरएस पुरा में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित किया गया। कस्बे के टाली मोड़ से शुरू हुई मैराथन का समापन सतोवाली ग्राउंड सुचेतगढ़ में किया।
इस दौरान 200 युवाओं, स्कूली बच्चों, कॉलेजों के विद्यार्थियों, आईटीआई कॉलेज आरएस पुरा के छात्रों और स्थानीय समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दौड़ को एसपी हेडक्वार्टर इरशाद हुसैन राथर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह, थाना प्रभारी रवि परिहार व एसोसिएशन के अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
एसपी हेडक्वार्टर जम्मू ने कहा कि पुलिस विभाग सदैव ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं को सरदार पटेल की विचारधारा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। मॉर्निंग वॉकर्स एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार गुप्ता ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में बेहद मददगार साबित होते हैं। बाद में मैराथन के विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।