आरएस पुरा के गांव गेगियां में अतिक्रमण पर प्रदर्शन करते लोग स्रोत संवाद
आरएस पुरा। कस्बे के साथ लगते गांव गेगिया के ग्रामीणों ने शनिवार को गांव जाने वाले लिंक मार्ग को चौड़ा करने की मांग के लिए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर हुए अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाया जाए।
प्रदर्शन की अध्यक्षता पंचायत के पूर्व सरपंच हंसराज कर रहे थे जबकि इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस मौके पर पूर्व सरपंच ने बताया कि गांव की गेगिया को जाने वाले एकमात्र लिंक मार्ग पर प्रशासन की तरफ से नाले को निकालने का काम शुरू करवाया गया है। इससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है और वाहनों की आवाजाही तक मुश्किल हो गई है। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए।
राजस्व विभाग को पहले भी लिखित रूप से शिकायत की गई है कि सड़क की पैमाइश करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द गांव के लोगों के साथ इंसाफ नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे। तहसीलदार ने लोगों को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्या का समाधान करने के लिए प्रशासन की तरफ से पूरा प्रयास किया जाएगा।